33 वां उमेश डोभाल स्मृति समारोह आज से गांधी पार्क से निकलेगा सांस्कृतिक जुलूस स्मृति ट्रस्ट अध्यक्ष की पत्रकार वार्ता समाज निर्माण को निर्भीक, निष्पक्ष पत्रकारिता जरुरी: पंत।
33 वां उमेश डोभाल स्मृति समारोह आज से गांधी पार्क से निकलेगा सांस्कृतिक जुलूस स्मृति ट्रस्ट अध्यक्ष की पत्रकार वार्ता समाज निर्माण को निर्भीक, निष्पक्ष पत्रकारिता जरुरी: पंत।
अल्मोड़ा/ दो दिवसीय 33 वां उमेश डोभाल स्मृति समारोह जिला पंचायत सभागार में आज से शुरू होगा। उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद पंत राजू ने पत्रकार वार्ता में ट्रस्ट के गठन और समारोह को लेकर जानकारी दी।
श्री पंत ने कहा उमेश डोभाल ने सदैव पत्रकार धर्म के साथ न्याय किया। वह जनता के मुद्दों को लेकर लगातार सजग रहे थे। उन्होंने घुमंतू पत्रकार के रूप में जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
समाज विरोधी और अराजक तत्वों ने उनकी निर्मम हत्या कर दी। जागरूक, निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता को आगे बढ़ाने के लिए 1991 में उमेश डोभाल स्मृति समिति का गठन किया गया। बाद में इस ट्रस्ट के रूप में पंजीकृत कराया गया। उन्होंने बताया समिति के माध्यम से हर साल अलग-अलग श्रेणी में पुरस्कार दिए जाते हैं।
बताया आज मंगलवार से जिला पंचायत परिसर में आयोजित हो रहे कार्यक्रम में प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों से भी काफी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, साहित्यकार आदि भागीदारी करने पहुंच रहे हैं। अल्मोड़ा की आयोजन समिति कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए काफी प्रयास कर रही है। मंगलवार को प्रातः 11:30 बजे गांधी पार्क से सांस्कृतिक जुलूस निकलेगा। दोपहर बाद पूर्व निर्धारित विषयों पर व्याख्यान होंगे। गोविंद पंत राजू ने नगर के पत्रकारों, साहित्यकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, कर्मचारी संगठनों और जनपक्षीय मुद्दों को प्रखरता से उठाने वाली संगठनों और लोगों से कार्यक्रम में भागीदारी का आह्वान किया है।