NEWS 13 प्रतिनिधि देहरादून:-
देहरादून/ अमूमन सर्दी का मौसम फरवरी के आखिरी हफ्ते तक पूरी तरह समाप्त हो जाता है। मार्च का महीना शुरू होती ही गर्मी अपना ऐहसास कराने लगती है। और होली के आने तक गर्मी अपना आने का पूरा आभास करा चुकी होती है। लेकिन इस बार कुछ बदलाव नजर आ सकते हैं। सर्दियों का औसत समय भी बढ़ सकता है। माना जा रहा है कि 2022 की होली में अच्छी खासी ठंड बरकरार रह सकती है। वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 2022 में सर्दी के दिनों में 20 से 30 दिनों का इजाफा भी हो सकता है। इसका असर देश के सभी हिमालयी राज्यों और उच्च हिमालई क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है। यह भी माना जा रहा है कि अन्य सालों के मुकाबले इस साल अधिक कड़ाके की ठंड पड़ सकती है।
आर्य भट्ट प्रेक्षण विज्ञान एवं शोध संस्थान (एरीज) के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार ठंड 90 से 100 दिनों के बजाय 120 से 125 दिनों की हो सकती है। वैज्ञानिकों के अनुसार 15 दिसंबर के बाद पारा तेजी से नीचे गिरेगा। साथ ही सर्दियां अगले साल 15 मार्च तक रहने का अनुमान है। एरीज में वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ.नरेंद्र सिंह ने कहा इस वर्ष 20 से 25 दिन अधिक ठंड रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो पिछले कुछ वर्षों से पश्चिमी विक्षोभ के चलते ठंड में न्यूनतम तापमान लगातार बढ़ता ही जा रहा है। यही कारण है कि ठंडे इलाकों में भी शून्य डिग्री तापमान बामुश्किल ही पहुंचता है। लेकिन इस साल तापमान में तेजी से गिरावट आने की संभावनाएं अधिक नजर आ रही हैं।