अल्मोड़ा/ उत्तराखंड में भ्रष्टाचार की जड़ें बहुत गहरी हो गई है। विजिलेंस की कुमाऊं मंडल टीम ने अल्मोड़ा जनपद के लमगड़ा विकास खंड कार्यालय में तैनात एक लेखाकार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से विभाग में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक आरोपी लेखाकार हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट पर शौचालय निर्माण कार्य से संबंधित फाइल को आगे बढ़ाने और एफडीआर जारी कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके स्वीकृत तीन लाख रुपये के टेंडर की एफडीआर रिलीज करने के एवज में आरोपी लगातार पैसे की मांग कर रहा था।
मामले की शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस हल्द्वानी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक ट्रैप योजना तैयार की। योजना के तहत बुधवार को टीम ने लमगड़ा विकास खंड कार्यालय में जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत ली विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों दबोच लिया गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।