उत्तरकाशी/ चार धाम यात्रा मार्गों पर मौसम ने शासन प्रसाशन के साथ ही अब यात्रियों की परीक्षा भी लेनी शुरु कर दी है। यमुनोत्री मार्ग दीवार धंसने से बाधित हो गया है। बड़े वाहनों की आवाजाही पर असर पड़ा है। प्रशासन मार्ग खोलने के लिए जुटा हुआ है। बताया जा रहा है कि यमुनोत्री हाईवे पर स्यानाचट्टी रानाचट्टी के बीच भूस्खलन के चलते हाईवे की रिटेनिंग वॉल धंस गई। जिसके चलते रास्ता बंद हो गया है। मार्ग बाधित होने की सूचना पर स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। एनएच के अधिकारियों ने मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरु कर दिया है। बताया जा रहा है कि जल्द ही मार्ग पर यात्रा शुरु हो जाएगी।
लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही को लेकर संशय बना हुआ है परन्तु छोटे वाहनों के लिए यात्रा शुरु हो जाएगी। मार्ग बंद होने से कई यात्री बीच में फंसे हुए हैं। उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। इसके साथ ही छोटे वाहनों की व्यवस्था की जा रही है।