NEWS 13 प्रतिनिधि टिहरी:-
टिहरी गढ़वाल/ राज्य में अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ता ही जा रहा है। शांत और सभी के लिए सुरक्षित कहे जाने वाले पहाड़ में अब महिलाओं के साथ दुष्कर्म व छेड़छाड़ की घटनाएं तेजी से बढ़ती जा रही है। ताजा मामला टिहरी गढ़वाल जिले के देवप्रयाग-गजा मोटर मार्ग स्थित एक गांव का है। यहां पड़ोसी युवक ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दे दी। अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, प्राप्त जानकारी के मुताबिक देवप्रयाग-गजा रोड स्थित एक गांव की महिला ने देवप्रयाग थाने में गांव के ही एक युवक के विरुद्ध दुष्कर्म के साथ ही मारपीट का मामला दर्ज कराया है। महिला ने बताया कि 14 अक्टूबर को वह घर पर अकेली थी। इसी बीच आधी रात को गांव का ही एक युवक रविंद्र चौहान ने उसके घर का दरवाजा खटखटाया। महिला ने जब दरवाजा खोला तो रविंद्र बिना कुछ कहे महिला से छीना-झपटी के साथ ही मारपीट करने लगा।
रोकने पर आरोपी ने जोर जबरदस्ती कर महिला से दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देकर वापस चला गया। दुसरे दिन महिला ने अपनी आपबीती ग्रामीणों को बताई।उसके बाद पीड़िता अपनी बेटी के साथ देवप्रयाग थाने में पहुंची और आरोपी रविन्द्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। महिला की तहरीर पर दुष्कर्म व मारपीट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को मुनेठ गांव के निकट से गिरफ्तार कर लिया है।