चमोली/ जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को श्री नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों का निर्माण शुरू करने और प्रस्तावित कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बैठक में लोनिवि कि अधिकारियों को नंदप्रयाग-नंदानगर, नंदानगर-सुतोल, देवाल-वांण और ग्वालदम-नंदकेसरी सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाने के और नंदानगर में टाइलस लगाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने लोनिवि थराली को वांण में हैलीपेड के विस्तारीकरण को लेकर कार्रवाई तेजी से करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग को सुतोल में हेलीपेड और पार्किंग निर्माण के लिए कार्य योजना तैयार करने के भी निर्देश दिए। उन्होेंने जल संस्थान और पेयजल निगम के अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों का निर्माण शुरु करने के आदेश दिए। वहीं यात्रा मार्ग के निर्जन पड़ावों में पेयजल की व्यवस्था के लिए वन विभाग के अधिकारियों को शीघ्र प्रस्ताव उपलब्ध कराने और वेदनी तक के प्रस्तावित कार्यों का निर्माण शुरु कराने की बात कही। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर विभागीय परिसम्पतियों की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारीकरण की कार्य योजना बनाने के भी निर्देश दिए। यात्रा के निर्जन पड़ावों पर विद्युत व्यवस्था के लिए उरेडा के अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ अभिषेक त्रिपाठी, सीएमओ डा. अभिषेक गुप्ता, पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़, आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी, पशु चिकित्साधिकारी डा. अशीम देव सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।