न्यूज़ 13 प्रतिनिधि हल्द्वानी:-
रुद्रपुर/ जनपद उधम सिंह नगर के थाना दिनेशपुर मे बाइकसवार तीन व्यक्ति उल्टी दिशा से रहे ट्रैक्टर ट्राली के शिकार हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसमें दो किशोर युवकों की मौत हो गई जबकि एक गम्भीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिये अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी 17 वर्षीय अमन सक्सेना थाना दिनेशपुर के केवलगंज निवासी अपने रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। बताया जा रहा कि अपने रिश्तेदार विक्की एवं शिवा को अपने साथ लेकर बाईक यूपी 25 एएच 2337 से घूमने निकल गया। मगर चंदनपुर से लौटते हुये रामबाग के नजदीक अचानक उल्टी दिशा से मिट्टी से लदे ट्रैक्टर ट्राली उनके सामने आ गयी।
जिस कारण वह अपना नियंत्रण खो बैठा ओर तीनो ट्रैक्टर ट्राली से जा भिड़े। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और राहगीरों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस व 108 को दी। मगर तब तक अमन दमतोड़ चुका था।
वही अस्पताल जाते समय विक्की ने भी दम तोड़ दिया। जबकि गंभीर रूप घायल शिवा का अस्पताल में उपचार चल रहा है। हालांकि हादसे के ट्रैक्टर चालक ट्राली समेत फरार हो गया। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है। फ़िलहाल मृतकों के घर मे कोहराम मच गया है।