नई संगठनात्मक टीम के गठन के बाद 14 फरवरी को प्रदेश कोर कमेटी की पहली बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रसाद नड्डा विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती चुनावी रणनीति के साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की कार्ययोजना तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि “डबल इंजन सरकार” के कार्यों को विधानसभा स्तर तक ले जाने के लिए विकास रथ की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
भट्ट ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों का चयन सर्वे रिपोर्ट और क्षेत्रीय प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टिकट उन्हीं को दिया जाएगा जिनकी अपने-अपने क्षेत्रों में पकड़ मजबूत होगी और जिनके कामकाज से जनता संतुष्ट होगी।उन्होंने विधायकों और पार्टी नेताओं को निर्देश दिए कि वे अपनी-अपनी विधानसभा क्षेत्रों में सक्रिय रहें और जनता के बीच नियमित संवाद बनाए रखें। राजधानी में बैठकर राजनीति करने के बजाय जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया जाय।
सर्वे रिपोर्ट पर नजर
प्रदेश में कराए गए चार सर्वे में से एक रिपोर्ट सामने आ चुकी है जिसमें भाजपा की स्थिति पहले से बेहतर बताई गई है। हालांकि भट्ट ने कहा कि रिपोर्ट को अंतिम सच नहीं माना जा सकता और जिन क्षेत्रों में कमजोरी सामने आएगी वहां सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
महापंचायत पर दी प्रतिक्रिया
भट्ट ने हाल में आयोजित महापंचायत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इसमें मुद्दों के बजाय राजनीति अधिक नजर आई।
उन्होंने दावा किया कि आम जनता ने इस आयोजन से दूरी बनाए रखी।
मिशन 2027 पर फोकस
भट्ट ने कहा कि 2027 के चुनाव से पहले किन मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा और जनता से संवाद की क्या रणनीति होगी इसका खाका कोर कमेटी की बैठक में तय किया जाएगा। संगठनात्मक जिम्मेदारियों का पुनर्वितरण कर कार्यकर्ताओं को चुनावी मोर्चे पर उतारने की तैयारी की जा रही है।