लालकुआं/ नैनीताल जिले के बिन्दुखत्ता क्षेत्र के गांव के एक घर में भीषण आग लग गई। जिससे घर में रखी हजारों रुपये की नगदी के साथ ही अन्य घरेलू सामान जलकर स्वाहा हो गया। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस और जिला प्रशासन को दी। पीड़ित और गांव वालों ने शासन प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह करीब 5:30 बजे घोड़ानाला पश्चिमी निवासी महिला सावित्री देवी पत्नी स्वर्गीय राधे श्याम के घर में अज्ञात कारणों के चलते अचानक भीषण आग लग गई।
जब तक महिला कुछ समझ पाती आग ने विकराल रूप ले लिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगो ने आग को बुझाने का प्रयास किया। परन्तु जबतक आग पर काबू पाया जाता तब तक घर में रखा सारा समान जलकर स्वाहा हो गया। पीड़ित महिला सावित्री देवी ने बताया कि अग्निकांड में घर में रखे 50 हजार की नगदी समेत राशन व बिस्तर, राशन एवं कपड़े व अन्य सामान जलकर राख हो गया। आसपास के लोगों द्वारा महिला को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।