हल्द्वानी/ पनियाली फतेहपुर वन क्षेत्र में श्रीमती कमला फ़र्त्याल की बाघ के हमले में हुई मौत को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता नीरज तिवारी ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं।नीरज तिवारी ने कहा कि इससे पहले गांधी आश्रम क्षेत्र में भी इस प्रकार की घटना हो चुकी है।
परन्तु हर बार केवल आश्वासन दिए जाते हैं और जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आती। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्रवासी लगातार बाघ और गुलदार के हमलों के साए में जीने को मजबूर हैं जबकि सरकार केवल घटनाओं के बाद बयानबाजी तक सीमित रहती है।
कांग्रेस नेता ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कह कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई करके आदमखोर बाघ को पकड़ा नहीं गया या खतरे को नियंत्रित नहीं किया गया तो फतेहपुर वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय में अनिश्चितकालीन तालाबंदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति की पूरी जिम्मेदारी वन विभाग की होगी।