पौड़ी/ मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार राज्य की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के लिए जनपद पौड़ी गढ़वाल में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने पौड़ी से पैडुल के बीच सतपुली-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग का औचक निरीक्षण करके सड़कों की वास्तविक स्थिति का जायज़ा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिकारियों से पैच रिपेयर कार्यों की प्रगति संबंधी जानकारी ली। पूर्व में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए सभी उपजिलाधिकारियों व अधिशासी अभियंताओं को मिशन मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए गए थे लेकिन कुछ जगहों पर कार्य अधूरा पाए जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सख्त रुख अपनाया।
उपजिलाधिकारी की रिपोर्ट में बताया गया कि पौड़ी से बुआखाल तक कार्य तो किया गया लेकिन उससे आगे मरम्मत शुरू नहीं हुई थी। इस पर जिलाधिकारी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति की जांच की। निरीक्षण के बीच मरम्मत कार्यों में लापरवाही व अनियमितता पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नाराज़गी व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।