दीवालीखाल में महिला सुरक्षा, अंकिता भंडारी को न्याय, स्थाई राजधानी गैरसैंण सहित अनेक मुद्दों को लेकर कांग्रेस का जबरदस्त धरना प्रदर्शन, पुलिस ने रोका वाटर कैनन से।
दीवालीखाल में महिला सुरक्षा, अंकिता भंडारी को न्याय, स्थाई राजधानी गैरसैंण सहित अनेक मुद्दों को लेकर कांग्रेस का जबरदस्त धरना प्रदर्शन, पुलिस ने रोका वाटर कैनन से।
गैरसैंण/ उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन भराड़ीसैंण विधानसभा के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थायी राजधानी गैरसैंण, प्रदेश में कानून व्यवस्था के साथ ही महिला सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता विधानसभा कूच के लिए निकले। इस बीच पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोका। कांग्रेसियों की भीड़ जंगलचट्टी और दुपतोलासैंण बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मियों को धकेलते हुए आगे बढ़ती रही।
काफी प्रयासों के बावजूद प्रदर्शनकारी विधानसभा की ओर बढ़ते रहे। मुख्य बैरियर दीवालीखाल पहुंचने पर कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, हरक सिंह रावत और गणेश गोदियाल सहित कई नेता पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स पर चढ़कर वहीं धरने पर बैठ गए। लगभग तीन घंटे तक दीवालीखाल क्षेत्र स्थायी राजधानी गैरसैंण और अंकिता को न्याय दो जैसे नारों से गूंजता रहा। हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड और गैरसैंण के विकास के लिए जो रोड मैप तैयार किया गया था वह आगे नहीं बढ़ पाया है।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पानी की बौछारें कर तानाशाही रवैया अपनाया जा रहा है। हरक सिंह रावत ने कहा कि अब भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता को आवाज उठानी होगी। राज्य महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने भी सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। बताया गया कि एक दिन पहले यूकेडी के प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में आई कमी को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने मंगलवार को सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच दीवालीखाल बैरियर पर लंबे वक्त तक धक्का-मुक्की होती रही। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को वाटर कैनन का सहारा लेना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण नगर पंचायत अध्यक्ष गैरसैंण मोहन भंडारी, ब्लॉक प्रमुख द्वाराहाट डॉ. आरती किरौला, नगर पंचायत अध्यक्ष थराली सुनीता रावत सहित कई कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
डीएम व एसपी ने संभाला मोर्चा
विधानसभा कूच के दौरान दीवालीखाल में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक खुद मौके पर पहुंचे।
दोनों अधिकारियों ने वाटर कैनन वाहन पर चढ़कर कानून व्यवस्था संभाली। पुलिस के मुताबिक प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान धक्का-मुक्की में कई पुलिसकर्मी चोटिल भी हुए।
कुछ कांग्रेसी नेता छिपकर पहुंचे भराड़ीसैंण
इस बीच कुछ कांग्रेसी नेता वाहन से छिपकर भराड़ीसैंण पहुंच गए मुख्य चेकिंग गेट पर सुरक्षा कर्मियों को संदेह होने पर वाहन की तलाशी ली गई। वाहन में अधिकृत पास नहीं था और कांग्रेस के झंडे भी मिले। इसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर दीवालीखाल बैरियर पर ले जाया गया।