हल्द्वानी/ उतराखंड विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद पहली बार बुधवार को कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने गृह नगर खटीमा पहुंचे। इस बीच उनके चेहरे पर मायूसी साफ दिखाई दी। साथ ही कार्यकर्ता भी निराश नजर आए। एक महिला कार्यकर्ता तो फूट-फूट कर रोने लगी। धामी ने इस बीच कहा कि वह जनादेश का सम्मान करते हैं। खटीमा की जनता ने जो भी निर्णय लिया है। वह मेरे सिर माथे पर है। क्षेत्र की जनता को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने ही मेरी राजनीतिक जीवन की शुरुआत कराई। प्रदेश के पुनः मुख्यमंत्री बनने के फैसले पर उन्होंने कहा कि यह निर्णय हाईकमान को लेना है। जब वह अस्थायी हैलीपैड पर पहुँचे तो उनकी अगुवानी के लिए गए कार्यकर्ताओं में उत्साह नाम की कोई चीज़ दिखाई नहीं दी। चुनाव हारने के बाद पहली बार अपने गृहनगर पहुंचे धामी का चेहरा भी मायूसी भरा था।
इस बीच धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भाजपा को मिले प्रचंड बहुमत का श्रेय दिया। धामी ने कहा कि जनता ने सारे मिथक तोड़ते हुए पार्टी के पक्ष में मतदान किया। उन्होंने इसके लिए जनता का धन्यवाद किया। एक महिला कार्यकर्ता उन्हें गले लगाकर फफक-फफक कर रो पड़ी। इस दृश्य से धामी व अन्य कार्यकर्ता भी भावुक हो गये। इसके बाद मुख्यमंत्री सभी का अभिवादन कर अपने घर के लिये चले गए।