देहरादून/ समूचे देश का मौसम एक बार फिर से करवट बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 48 से 72 घंटों के अंदर पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। आईएमडी की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक 31 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से 31 जनवरी से 2 फरवरी तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मौसम बेहद खराब रह सकता है। विशेष रूप से 1 फरवरी को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश के साथ ही उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बर्फबारी होने का अनुमान है।
कश्मीर घाटी में स्थिति पहले से ही चुनौतीपूर्ण है जहाँ बर्फबारी के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद पड़ा है और तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है।
मौसम इन 10 राज्यों में मचाएगा बारिश के साथ ओलावृष्टि का तांडव
आईएमडी ने देश के 10 प्रमुख राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। इनमें उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, सिक्किम के साथ ही राजस्थान शामिल हैं। विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 31 जनवरी से 2 फरवरी के बीच हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।
इस बीच कुछ जगहों पर बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर के साथ ही उत्तर प्रदेश में फिर लौटेगी कड़ाके की ठंड
राजधानी दिल्ली में बादलों की आवाजाही जारी रहेगी और अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं दूसरी ओर उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी दी गई है। लखनऊ जैसे शहरों में 31 जनवरी को घना कोहरा छाए रहने की संभावना है और रात का पारा 3-5 डिग्री तक गिर सकता है जिससे ठंड में भारी इजाफा होगा।
राजस्थान के साथ ही उत्तराखंड में भी करवट बदलेगा मौसम
राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जगहों पर मध्यम बारिश और घना कोहरा दर्ज किया गया है। आगामी 31 जनवरी और 1 फरवरी को राज्य के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में फिर से बारिश के आसार हैं।
उत्तराखंड में भी शनिवार से मौसम तेजी से करवट लेगा। मैदानी क्षेत्रों में बारिश और ऊंचे पर्वतों पर बर्फबारी के कारण जनवरी के अंतिम सप्ताह में कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। अलग-अलग शहरों के तापमान की बात करें तो दिल्ली में न्यूनतम तापमान 08°C, लखनऊ में 12°C और शिमला में 02°C तक रहने का अनुमान है।