चम्पावत जिले के बाराकोट विकास खंड में महिला को गुलदार ने किया गंभीर घायल, महिला को हायर सेंटर के लिए किया गया रेफर।

न्यूज़ 13 प्रतिनिधि चम्पावत

चम्पावत/ उत्तराखंड के पर्वतीय जिले चम्पावत के बाराकोट क्षेत्र में गुलदार का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है।आज दोपहर जंगल में घास काटने गई 52 वर्षीय तुलसी देवी पर अचानक गुलदार ने जानलेवा हमला कर दिया। इस खौफनाक हमले में महिला का चेहरा और गर्दन बुरी तरह जख्मी हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक किया हमला

तुलसी देवी पत्नी जीत राम अपने गांव की अन्य महिलाओं के साथ रोज की तरह जंगल में घास काटने गई थीं।

यह भी पढ़ें 👉लोहाघाट में खुलकर सामने आई भारतीय जनता पार्टी की गुटबाजी मुख्यमंत्री की सभा से दो बार विधायक रहे पूरन सिंह फर्त्याल रहे नदारद।

दोपहर लगभग 12 बजे अचानक झाड़ियों से निकले गुलदार ने उन पर झपट्टा मार दिया । इस हमले की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गुलदार ने महिला के चेहरे और गर्दन को बुरी तरह नोच डाला। महिला की चीख-पुकार सुनकर साथ गई महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया और गुलदार पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। जिससे गुलदार महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया ।

महिला को डोली के सहारे पहुंचाया गया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल तुलसी देवी को डोली के सहारे गांव तक लाया गया। वहां से एंबुलेंस के जरिए उन्हें लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।

यह भी पढ़ें 👉पंतनगर, विश्वविद्यालय में गार्ड ने 12 वर्षीय नाबालिग के साथ किया दुष्कर्म पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।

डॉक्टर देवांशी ने बताया कि महिला की हालत बेहद गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक महिला को प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता होगी । फिलहाल महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

गंभीर स्थिति को देखते हुए हल्द्वानी किया गया रेफर

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने मामले का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए महिला के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। घायल महिला को हल्द्वानी के एक अस्पताल में आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निशुल्क उपचार दिलाया जाएगा। जरूरत पड़ने पर महिला को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान भी भेजा जा सकता है।

इससे पहले भी गुलदार ले चुका है जान अब फिर दहशत

ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी गुलदार क्षेत्र में एक व्यक्ति की जान ले चुका है। लगातार हो रही घटनाओं से बाराकोट क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है।

यह भी पढ़ें 👉अल्मोड़ा में 4 दिनों से लगातार धधक रहे हैं जंगल वन विभाग की कार्यशैली को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश।

जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी और भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजू अधिकारी ने वन विभाग से तुरंत पिंजरा लगाने की मांग की है।
वन विभाग की कार्रवाई

काली कुमाऊं के वन क्षेत्राधिकारी राजेश जोशी ने बताया कि वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाने की कार्रवाई की जा रही है। नियमानुसार पीड़ित परिवार को मुआवजा भी दिया जाएगा ।

गुलदार के बढ़ते हमलों से ग्रामीणो में खौफ का माहौल

लगातार बढ़ते गुलदार के हमलों से ग्रामीण दहशत में हैं। महिलाएं अब जंगल जाने से डर रही हैं। बच्चों को अकेले बाहर भेजना बंद कर दिया गया है। लोगों की मांग है कि आदमखोर गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ा जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *