पिथौरागढ़/ सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के मटेला बैंड से करीब एक किमी आगे शहीद द्वार के समीप रविवार शाम लगभग छह बजे एक कार ढाई सौ मीटर गहरी खाई में जा समाई वाहन में सवार दंपती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना पर 108 एंबुलेंस, चौकी घाट पुलिस मौके के लिए रवाना हुई कोतवाली पिथौरागढ़, आपदा कंट्रोल और एसडीआरएफ को भी अवगत कराया गया। मौके पर पहुंचे घाट चौकी प्रभारी जितेंद्र सोराड़ी ने बताया वाहन संख्या यूके 06 एजेड 8788 खाई में गिर हुआ मिला जिसमें दो लोग थे।
एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान योगेश कुमार उम्र 38 वर्ष पुत्र जीवन राम निवासी बजेटी और उनकी पत्नी निधि आर्या उम्र 34 वर्ष के रूप में हुई है।
योगेश कुमार लोक निर्माण विभाग टकाना पिथौरागढ़ में बड़े बाबू के पद पर थे। उनकी पन्नी रानीखेत में सरकारी कार्यालय में सेवारत थीं। बताया जा रहा है कि दंपती गंगोलीहाट में अपने चाचा के साले के लड़के की बरात में शामिल होने गए थे। बरात के लोहाघाट पहुंचने के बाद वे सीधे पिथौरागढ़ लौट रहे थे।