


NEWS 13 प्रतिनिधि अल्मोड़ा:-
अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा थानांतर्गत अपने ही साथी को मारकर उसका शव जंगल में फेंकने के मामले में अब दो और आरोपियों को पुलिस ने आज गिरफ्तार किया है। इस मामले मे दो आरोपियों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार किया है।
पिछले 25 अप्रैल 2021 को जनपद अल्मोड़ा के थाना लमगड़ा में वादी महेश लाल पुत्र स्व पनी राम अल्मोड़ा द्वारा अपने भाई गिरीश लाल उम्र 34 वर्ष पुत्र स्व, पनी राम निवासी कलसीमा पोस्ट चौमू अल्मोड़ा के गुमशुदगी दर्ज की गयी थी। गुमशुदगी दर्ज होने के अगले दिन यानी 26 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि मौना से ल्वेशाल को जाने वाली सड़क के पास जंगल में शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर जाकर शव को कब्जे में लेकर ग्रामवासियों से शव की शिनाख्त करवाई। तो शव की शिनाख्त गुमशुदा गिरीश लाल के रूप में हुई थी।
इसके बाद मृतक के भाई महेश लाल की तहरीर पर थाना लमग़ड़ा में धारा 302, 201 व 120बी के तहत अभियोग पंजीकृत किया। मामले की विवेचना दन्या थानाध्यक्ष उप निरीक्षक सन्तोष देवरानी को सौपी गयी। मामले में पूर्व में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इधर पुलिस ने आज दो और वांछित आरोपियों गिरीश लाल पुत्र बसंत लाल उम्र 25 वर्ष निवासी सिमल्टी तथा नर सिंह उर्फ नारायण सिंह उम्र54 वर्ष निवासी सिमल्टी को गिरफ्तार कर लिया है जो स्वास्थ्य खराब होने के कारण अस्पताल में भर्ती थे। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के उपरान्त उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में दन्या थानाध्यक्ष सन्तोष कुमार देवरानी एसआई सुनील गोस्वामी, कांस्टेबल गोविंद जोशी गिरीश चन्द्र व दीप चन्द्र शामिल थे।








