देहरादून/उत्तराखंड में मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश के साथ ही बर्फबारी की संभावना जताई है।मौसम विभाग के अनुसार आज 6 जनवरी को राज्य के 10 जिलों में बारिश और 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है।
बारिश बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आने से ठंड में बढ़ोतरी इजाफा होगा। रविवार को दोपहर में चटक धूप खिलने से सर्दी में भी गर्मी का एहसास बना रहा। तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी भी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार आज 6 जनवरी सोमवार को राज्य के 10 जिलों उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, बागेश्वर, अल्मोड़ा, पौड़ी, हरिद्वार, टिहरी के साथ ही देहरादून के पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है।
वहीं 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी होगी। दुसरी ओर नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत जिले के मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने के साथ ही सुबह-शाम कोहरा छाए रहने की संभावना है।मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉक्टर विक्रम सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 6 और 7 जनवरी को मौसम बदला हुआ रहेगा। 6 जनवरी को उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में बूंदाबांदी और 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होगी।
जबकि 7 जनवरी को 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। उन्होंने बताया बारिश बर्फबारी के बाद तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने से ठंड में बढ़ोतरी होगी।
तापमान की स्थिति
रविवार को धूप खिलने से देहरादून के तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। देहरादून का अधिकतम तापमान 24.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.1 सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पंतनगर का अधिकतम तापमान 21.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।वहीं मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं नई टिहरी का अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा।