अलीगढ़/ दिल्ली-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव जसरथपुर के समीप गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हुआ। यहां कैंटर व रोडवेज बस में भिड़ंत हो गई जिसमें एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। साथ ही 35 लोग घायल हो गए। इनमें दोनों वाहनों के चालक समेत चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक यह घटना अकराबाद से निकलते ही सरकारी ट्रामा सेंटर के समीप देर रात साढ़े 12 बजे हुई। आजाद नगर डिपो की बस कानपुर से दिल्ली की ओर जा रही थी। वहीं इसके आगे कैंटर चल रहा था। बस पीछे से तेज रफ्तार में कैंटर में जा घुसी।
बस का चालक नीचे कूद गया। इसे गंभीर चोट आई। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाऊ। यात्रियों में चीत्कार मच गई।
चालक का पैर कटा
आसपास के लोग एकत्रित हो गए। जानकारी पर एसपी देहात पलाश बंसल, सीओ बरला सर्जना सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। चालकों सहित 35 घायलों को जिला मलखान सिंह अस्पताल पहुंचाया गया।
यहां हरदोई की 60 वर्षीय शिवरानी की मृत्यु हो गई। महिला अपने स्वजन के साथ सफर कर रही थीं। दोनों वाहनों के चालक एक महिला व एक पुरुष को जेएन मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। एक चालक का पैर कट गया है। इन चारों की हालत गंभीर बनी हुई है।