उत्तराखंड/ एक हैवान पति ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए अपनी पत्नी के नाजुक अंग को लहूलुहान कर दिया इसके बाद वह फरार हो गया है। घटना राजधानी देहरादून के पटेलनगर की है यहां एक पति ने अपनी पत्नी के साथ अमानवीय अत्याचार किया। उसने पहले परिवार को नशीला पदार्थ मिलाकर कोल्डड्रिंक पिलाकर सुलाया और फिर पत्नी के निजी अंगों पर नुकीली वस्तु से हमला कर दिया जिससे उसकी आंतें तक फट गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया है।
घटना 31 मार्च की रात की है। पीड़िता अपने पति और दो बच्चों के साथ रहती थी। रात में आरोपी ने परिवार के लिए कोल्डड्रिंक लाकर दिया जिसमें उसने नशीला पदार्थ मिला दिया था। हालांकि खुद उसने वह ड्रिंक नहीं पी। कोल्डड्रिंक पीने के बाद पत्नी और बच्चे गहरी नींद में सो गए। रात लगभग साढ़े तीन बजे पीड़िता की 11 वर्षीय बेटी की नींद खुली तो उसने देखा कि उसकी मां जोर-जोर से चिल्ला रही है और उसके निचले हिस्से से खून बह रहा है। वहीं उसका पिता वहां से भाग चुका था। बच्ची ने तुरंत अपनी मौसी को फोन लगाकर सूचना दी।
पड़ोसियों और परिजनों की मदद से पीड़िता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टरों ने जांच में पाया कि उसके निजी अंगों और आंतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है। उसकी आंतों में चोट आई है जिसके लिए ऑपरेशन की आवश्यकता बताई गई है। पीड़िता की बहन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद पटेलनगर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
इंस्पेक्टर हरिओम राज चौहान ने बताया कि आरोपी अभी फरार है और उसे गिरफ्तार करने की कार्रवाई की जा रही है। पीड़िता की बहन ने पुलिस को बताया कि उनकी बहन का पति अक्सर उसके साथ झगड़ा करता था और मारपीट करता था। इस बार उसने जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की उम्मीद जताई जा रही है।