रूद्रपुर/ राष्ट्रीय राजमार्ग पर किच्छा रोड चुटकी देवरिया स्थित टोल प्लाजा में देर रात भाजपाईयों ने जबरदस्त हंगामा काटा। आरोप है कि भाजपाईयों ने जबरन बूम बैरियर खोल दिया और कर्मचारियों के साथ मारपीट की। मामले में टोल कर्मी की ओर से पुलिस को तहरीर सौंपी गयी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक देर रात टोल प्लाजा पर कुछ भाजपाईयों की टोल कर्मचारियों के साथ कहासुनी हो गयी जिसके बाद भाजपाईयों ने टॉल प्लाजा पर जमकर हंगामा काटा। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा पर जबरन बूम बैरियर खोल दिया। इसके साथ ही टोल कर्मियों से मारपीट भी की। वहीं टोल के अंदर तोड़फोड़ भी की। साथ ही कैश रूम का दवाजा भी तोड़ दिया। मौके पर सादी वर्दी में आए चौकी इंचार्ज से भी धक्का मुक्की की गई। टोल कर्मी अनुज तिवारी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ किच्छा कोतवाली में तहरीर दी है।
आरोप लगाया गया है कि शनिवार रात एक कार बिना टोल दिये जब टोल प्लाजा से निकल रही थी तो टोल कर्मी ने गाड़ी को रोकने का प्रयास किया जिस पर भाजपा नेता के साथियों ने पहले तो टोल कर्मियों से मारपीट की। बाद में भाजपा नेता आधा दर्जन से अधिक वाहनों से खुद मौके पर पहुंच गये और टोल कार्यालय में घुसकर टोल कर्मियों के साथ जमकर मारपीट की। बताया जा रहू है कि इस बीच पुलिस भी मूक दर्शक बनी रही।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि टोल प्लाजा के अंदर मारपीट की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं एसएसपी ने मामले में दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिये हैं।