टिहरी/ राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों में गुलदार के हमले बढ़ते जा रहे हैं। लगातार बढ़ते हमलों से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला गढ़वाल मंडल के टिहरी जनपद के घनसाली क्षेत्र का है। जहां घर के आंगन में खेल रही नौ साल की एक मासूम बच्ची को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया।
घटना के तीन घंटे बाद घर से तीस मीटर दूर झाड़ियों में बच्ची का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना से गांव में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हिंदाव पट्टी के भौड़ गांव निवासी रूकम सिंह की नौ साल की बेटी पूनम स्कूल से आने के बाद घर के आंगन में अकेले ही खेल रही थी। जबकि मां ऊषा देवी मंदिर गई हुई थीं।
शाम को 4 बजे के लगभग ऊषा लौटीं तो पूनम घर में नहीं मिली। जबकि पूनम की बड़ी बहन प्रियंका, छोटा भाई प्रिंस और बहन आराध्या सो रहे थे। परिजनों और लोगों ने तलाश शुरू की तो घर से कुछ ही दूरी पर पूनम की चप्पल और खून के धब्बे मिले। शाम छह बजे के लगभग पूनम का शव घर से लगभग 30 मीटर दूरी पर झाड़ियों में पड़ा मिला। पूनम गांव के स्कूल में कक्षा चार में पढ़ती थी।
उसके पिता विदेश में होटल में नौकरी करते हैं। वन क्षेत्राधिकारी आशीष नौटियाल ने बताया कि टीम गांव में पहुंच गई है। गुलदार को पकड़ने के लिए ट्रैप कैमरे और पिंजरा लगाया जा रहा है। दिन दहाड़े गुलदार के हमले से गांव के लोग डरे सहमे है पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है।