चमोली/ जिले में जिला आबकारी अधिकारी दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी के लापता होने की खबर से हड़कंप मच गया है। त्रिपाठी 31 मार्च 2025 की सुबह 10 बजे से लापता हैं और उनके मोबाइल पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक चमोली के जिलाधिकारी द्वारा जिले में अधिकारियों की लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाने के बाद से कई अधिकारी दबाव में हैं। हाल ही में निरीक्षण के दौरान आबकारी अधिकारी दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी अपने कार्यालय से अनुपस्थित पाए गए थे
जिसके बाद जिलाधिकारी ने उनकी एक दिन की सर्विस ब्रेक करते हुए वेतन रोकने का आदेश दिया था।
राजस्व उपनिरीक्षक चंद्र सिंह बुटोला ने थाने में तहरीर दी है जिसमें बताया गया कि दुर्गेश्वर कुमार त्रिपाठी अपने राजकीय आवास कुण्ड कॉलोनी और जिला आबकारी कार्यालय दोनों ही जगहों से नदारद हैं। कई जगहों पर खोजबीन करने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला है।
प्रशासन ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।जिला प्रशासन अब त्रिपाठी की खोजबीन में जुटा हुआ है और उनके लापता होने की असली वजह जानने की कोशिश कर रहा है।