बागेश्वर/ तहसील गरुड़ के प्रियापानी से सवारी लेकर हल्द्वानी के लिए जा रही एक जीप लोहारी के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में दो स्कूली छात्रों सहित नौ लोग घायल हो गए। घायलों को 108 एम्बुलेंस के जरिए सीएचसी बैजनाथ मे भर्ती किया गया। चार लोगों को उपचार के बाद घर भेज दिया। अन्य को भर्ती किया गया। घायलों के परिजनों ने चालक पर शराब पीकर वाहन चलाने का आरोप लगाया है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
कौसानी के थानाध्यक्ष दिनेश पंत ने बताया कि गुरुवार की सुबह जीप संख्या यूके-02-टीए- 1248 प्रियापानी गरुड़ से सवारी लेकर हल्द्वानी के लिए जा रही थी।रास्ते से दो स्कूली छात्र भी उसमें बैठ गए और लोहारी के समीप जीप असंतुलित होकर सड़क के नीचे गिर गई। इस हादसे में चालक संतोष कुमार पुत्र प्रेम राम निवासी कौसानी,
दीवान राम पुत्र शेर राम उम्र 64 वर्ष, शोभा पत्नी हिमांशु उम्र 33 वर्ष, दिव्यांशु उम्र पांच वर्ष, कार्तिक उम्र एक वर्ष, जगदीश राम पुत्र प्रेम राम उम्र 51 वर्ष, हर्षित पुत्र जगदीश राम उम्र 16 वर्ष, रोहित कुमार पुत्र विनोद कुमार उम्र 16 वर्ष तथा करण कुमार पुत्र कैलाश राम उम्र 18 वर्ष घायल हो गए।