गंगोलीहाट/ पनार में एक टिप्पर दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा समाया गुरुवार रात हुए इस हादसे में चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। जबकि टिप्पर में सवार दो लोग घायल हो गए। गंगोलीहाट मल्लाधूरा निवासी 38 वर्षीय भूपेंद्र सिंह पुत्र सोबन सिंह बीती रात टिप्पर संख्या यूके 05 सीए 1146 से पनार से गंगोलीहाट के लिए जा रहे थे।
उनके साथ तीन अन्य लोग धरौली निवासी 30 वर्षीय योगराज सिंह पुत्र हरीश चंद्र पंत, 38 वर्षीय राजेंद्र सिंह पुत्र होशियार सिंह और मल्लाधूरा के कृष्ण सिंह नेगी उम्र 30 वर्ष पुत्र ईश्वर सिंह नेगी भी टिप्पर में सवार थे। रात 11 बजे के लगभग कोठेरागांव के नजदीक चालक भूपेंद्र टिप्पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन लगभग सौ मीटर गहरी खाई में गिर गया।
सूचना मिलते ही पुलिस राजस्व की टीम घटनास्थल पहुंची। थानाध्यक्ष हीरा सिंह डांगी ने बताया कि चालक भूपेंद्र और कृष्ण की मौके पर मौत हो गई थी। योगराज और राजेंद्र को घायल अवस्था में सीएचसी गंगोलीहाट पहुंचाया गया। घायल दोनों की स्थिति अब खतरे से बाहर है।